home page

आईटीबीपी द्वारा जाटलूर नाला पर बनाये गये 250 फीट लंबे फुट ब्रिज हुआ लाेकार्पण

 | 
आईटीबीपी द्वारा जाटलूर नाला पर बनाये गये 250 फीट लंबे फुट ब्रिज हुआ लाेकार्पण


नारायणपुर, 16 जुलाई (हि.स.)।भारत-तिब्बत सीमा पुलिस द्वारा छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में जाटलूर नाला पर बनाए गए 250 फीट लंबे फुट सस्पेंशन ब्रिज का आज औपचारिक रूप से लोकार्पण कर दिया गया है।

सस्पेंशन ब्रिज का लोकार्पण अजय पाल सिंह (आईजी , केंद्रीय फ्रंटियर, आईटीबीपी) द्वारा किया गया। इस पुल का निर्माण विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय समुदायों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए किया गया है, जो भारी बारिश के दौरान अक्सर कट जाते थे।

कार्यक्रम के दौरान आईटीबीपी द्वारा संचालित सिविक एक्शन प्रोग्राम के अंतर्गत स्कूली छात्र-छात्राओं एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को साइकिलों का वितरण भी किया गया। साथ ही ग्रामीणों को स्वरोजगार, कौशल विकास तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। पुल निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अधिकारियों एवं जवानों को महानिरीक्षक अजय पाल सिंह ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि नव-निर्मित पुल का नाम बलिदानी अमोल माधव राव महस्के की स्मृति में रखा जाएगा। बलिदानी महस्के ने पिछले वर्ष नवंबर में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था। महानिरीक्षक ने कहा कि यह निर्णय उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को सम्मान देने के साथ-साथ आईटीबीपी के जवानों को प्रेरित करने के उद्देश्य से लिया गया है। समारोह के समापन पर ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया तथा सामूहिक मध्याह्न भोज का आयोजन भी किया गया। स्थानीय नागरिकों ने इस जनहितैषी पहल के लिए आईटीबीपी का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास, जनसुविधा और सुरक्षा बलों तथा आम जनता के बीच विश्वास को और अधिक सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।

लोकार्पण समारोह में राजीव गुप्ता (कमांडेंट, 45वीं वाहिनी), अभिषेक सूद (कमांडेंट, 29वीं वाहिनी), अशोक कुमार सिंह (द्वितीय कमान, 38वीं वाहिनी), संजय कुमार (द्वितीय कमान, 53वीं वाहिनी) सहित केंद्रीय सीमांत मुख्यालय एवं 38वीं वाहिनी के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, शिक्षक तथा छात्र-छात्राओं ने भी भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे