home page

जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’, घेराबंदी कर छुड़ाए पांच गौवंश, फरार तस्कर भी चढ़ा पुलिस के हत्थे

 | 
जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन शंखनाद’, घेराबंदी कर छुड़ाए पांच गौवंश, फरार तस्कर भी चढ़ा पुलिस के हत्थे


जशपुर, 08 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में गौ तस्करी के विरुद्ध पुलिस कप्तान डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत लोदाम पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ओर जहाँ टाटा सूमो में बेरहमी से भरकर ले जाए जा रहे पांच गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया, वहीं दूसरी ओर पिछले तीन महीनों से फरार चल रहे एक शातिर गौ तस्कर को घेराबंदी कर गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, 7 मई की सुबह लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक टाटा सूमो गोल्ड वाहन (CG-07-AN-1089) में पिछली सीटें निकालकर गौवंशों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया है और उन्हें झारखंड ले जाने की तैयारी है। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए पुलिस टीम ने आरटीओ बैरियर पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध वाहन आता दिखा, जिसे रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो तस्कर वाहन को ग्राम पीड़ी मार्ग पर झाबू नदी पुल के पास छोड़कर जंगल का फायदा उठाते हुए भाग निकले। वाहन की जांच करने पर उसमें से 5 गौवंश बरामद हुए, जिन्हें सुरक्षित मुक्त कराकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है।

इसी अभियान के अंतर्गत लोदाम पुलिस ने एक अन्य बड़ी कार्यवाही करते हुए फरार आरोपी महबूब शाह उर्फ हगन (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी महबूब शाह 12 फरवरी को कोनबीरा जंगल में हुई गौ तस्करी की घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने गांव साईं टांगर टोली में देखा गया है, जिसके बाद पुलिस टीम ने घर की घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। आरोपित ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उसे शुक्रवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू सहित सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत और आरक्षकों की मुख्य भूमिका रही। डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में गौ तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह