home page

जशपुर की चार ग्राम पंचायतों में लगाए गए बोर्ड, पास्टर-फादर और सिस्टर के प्रवेश पर प्रतिबंध; फैसले पर दो पक्ष आमने-सामने

 | 
जशपुर की चार ग्राम पंचायतों में लगाए गए बोर्ड, पास्टर-फादर और सिस्टर के प्रवेश पर प्रतिबंध; फैसले पर दो पक्ष आमने-सामने


जशपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। कथित धर्मांतरण को लेकर जशपुर जिले में एक बार फिर विवाद गहराने लगा है। आदिवासी समाज के कुछ संगठनों और ग्रामीणों ने धर्मांतरण की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग के साथ गांवों में पहल शुरू की है। इसी कड़ी में जशपुरनगर क्षेत्र की चार ग्राम पंचायतों सोगड़ा, चढ़िया, डूमरटोली और टेम्पू में ग्रामसभा के प्रस्ताव के बाद गांवों के प्रवेश मार्गों पर ऐसे बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिनमें पास्टर, फादर और सिस्टर के प्रवेश पर प्रतिबंध की बात लिखी गई है। इस पहल को लेकर जहां कुछ आदिवासी संगठन समर्थन कर रहे हैं, वहीं ईसाई आदिवासी महासभा ने इसका विरोध किया है।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित ग्राम पंचायतों में ग्रामसभा की बैठक के दौरान प्रस्ताव पारित कर इस तरह के बोर्ड लगाने का निर्णय लिया गया। बोर्डों पर पेसा अधिनियम 1996 के तहत ग्रामसभा को मिले अधिकारों के साथ आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और रूढ़िगत सामाजिक व्यवस्था के संरक्षण का उल्लेख किया गया है। ग्रामीणों और आदिवासी संगठनों का तर्क है कि गांवों में कथित तौर पर प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने की कोशिशें हो रही हैं। उनका कहना है कि अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को सुरक्षित रखने के लिए ग्रामीणों को जागरूक करना जरूरी है।

ग्राम पंचायत सोगड़ा की सरपंच बांधो बाई का कहना है कि गांवों में बाहर से कुछ लोग आते हैं और कथित तौर पर बहला-फुसलाकर आदिवासी समाज के लोगों का धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करते हैं। ग्रामीण इस तरह की गतिविधियों को रोकना चाहते हैं। सोगड़ा के कुछ ग्रामीणों ने भी आरोप लगाया कि भोले-भाले लोगों को लोभ और लालच देकर बरगलाया जाता है।

जनपद पंचायत जशपुर के अध्यक्ष गंगा राम भगत ने कहा कि उरांव समाज के लोग अब इस मुद्दे पर जागरूकता लाने के लिए आगे आ रहे हैं। उनका आरोप है कि गांवों में प्रवेश कर धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिन्हें रोकने के लिए समाज स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं आदिवासी नेता संतन भगत ने दावा किया कि पड़ोसी राज्य से 100 से अधिक लोग धर्मांतरण के उद्देश्य से क्षेत्र में आए हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी बहुल क्षेत्र की शांति और सामाजिक पहचान बनाए रखने के लिए गांवों में बोर्ड लगाए गए हैं।

दूसरी ओर, ईसाई आदिवासी महासभा के प्रदेशाध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने इस पहल पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि पांचवीं अनुसूची के क्षेत्र में ग्रामसभा को कई अधिकार मिले हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल किसी समुदाय के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने के लिए करना उचित नहीं है। उनके मुताबिक, धर्मांतरण जैसी समस्या का समाधान जागरूकता के माध्यम से होना चाहिए, न कि ऐसे बोर्ड लगाकर। उन्होंने आशंका जताई कि इस तरह की पहल से समाज में विभाजन बढ़ सकता है।

बताया गया है कि बोर्ड लगाने के दौरान जशपुर विधायक रायमुनी भगत भी मौके पर मौजूद थीं। इस पहल से जुड़े आदिवासी नेताओं ने जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में भी इसी तरह के बोर्ड लगाने और गांव-गांव में जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही है।

फिलहाल चार ग्राम पंचायतों से शुरू हुई यह पहल जिले में सामाजिक और धार्मिक बहस का विषय बन गई है। एक पक्ष इसे आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की कोशिश बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं मान रहा है। ग्रामसभा के प्रस्तावों के आधार पर लगाए जा रहे इन बोर्डों की वैधानिक स्थिति और इस मामले में प्रशासन का रुख क्या होगा, इस पर भी लोगों की नजर बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय