home page

होली पर्व को लेकर जांजगीर पुलिस अलर्ट, शांति समिति की बैठक आयोजित

 | 
होली पर्व को लेकर जांजगीर पुलिस अलर्ट, शांति समिति की बैठक आयोजित


जांजगीर, 01 मार्च (हि.स.)। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जांजगीर पुलिस द्वारा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में संपन्न हुई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।

बैठक में CSP कोतवाली योगिता बाली खापर्डे, तहसीलदार आर.के. मरावी और नायब तहसीलदार सृजल साहू उपस्थित रहे। अधिकारियों ने होली के दौरान बाजारों में बिक रही सामग्री, विशेषकर मुखौटों और अन्य वस्तुओं को लेकर दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की समझाइश दी। इस दौरान क्षेत्र के सरपंच, कोटवार और अन्य सामाजिक प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। बैठक में त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, साइबर अपराधों से बचाव और नशे के दुष्प्रभाव के संबंध में विशेष जागरूकता पर जोर दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान क्षेत्र में विशेष गश्त और निगरानी व्यवस्था लागू रहेगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT