जांजगीर में आईपीएल सट्टेबाजी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन दांव लगाते युवक को रंगे हाथों दबोचा
जांजगीर जांजगीर, 01 जून (हि. स.)। आईपीएल मैचों की आड़ में चल रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी के अवैध कारोबार पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने रविवार की देर रात एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपित के कब्जे से सट्टेबाजी में इस्तेमाल किया जा रहा मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित की पहचान आनंद किशोर धीवर (24) निवासी घूरकोट, थाना जांजगीर के रूप में हुई है। आरोपित आईपीएल मैचों के दौरान हार-जीत पर रुपये लगाकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था और लोगों से दांव स्वीकार कर रहा था।
पुलिस को बीती रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुजरात और आरसीबी के बीच खेले जा रहे आईपीएल मुकाबले पर एक व्यक्ति ऑनलाइन सट्टा लगा रहा है। सूचना मिलते ही साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल रणनीति बनाकर घूरकोट क्षेत्र में दबिश दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस द्वारा जब्त किए गए मोबाइल फोन की जांच में ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े एप्लीकेशन और लेन-देन संबंधी गतिविधियों के साक्ष्य मिले। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित मैचों के परिणाम पर रुपये का दांव लगाकर अवैध रूप से सट्टा संचालन कर रहा था।
मामले में थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 403/26 दर्ज कर आरोपित के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्रवाई की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को आज साेमवार काे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आईपीएल सहित अन्य खेल प्रतियोगिताओं के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साइबर टीम सोशल मीडिया और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि अवैध सट्टा कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक बी.एस. लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, राकेश तिवारी, आरक्षक दिलीप सिंह तथा साइबर थाना जांजगीर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने दो टूक कहा है कि जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध सट्टेबाजी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

