home page

जांजगीर-चांपा के स्कूल का वीडियो वायरल होने पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान, जांच के बाद दोषी मिलने पर होगी कड़ी कार्रवाई

 | 

जांजगीर-चांपा, 24 सितंबर (हि. स.)। पामगढ़ विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला भांठापारा भुईगांव के प्रधान पाठक से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने गुरुवार काे वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

कलेक्टर ने जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में अनुशासन, शिक्षकों की उपस्थिति और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने तथा शिक्षकों के अनुशासन एवं कार्य व्यवहार की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की जिम्मेदारी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ अनुशासित और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखना भी है। शिक्षकीय दायित्वों के निर्वहन में किसी भी तरह की लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को ऐसे शिक्षकों की जानकारी भी संकलित करने के निर्देश दिए हैं, जिनके संबंध में अनुशासनहीनता या नशे से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई हैं। ऐसी शिकायतों की जांच कर आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके साथ ही कलेक्टर ने अब तक सामने आए अनुशासनहीनता से जुड़े मामलों में विभागीय जांच और की गई कार्रवाई की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विशेष रूप से उन प्रकरणों की जानकारी मांगी है, जिनमें दीर्घशास्ति आरोपित की गई है।

भांठापारा भुईगांव के स्कूल से संबंधित वायरल वीडियो मामले में जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता, नशे से संबंधित गतिविधियों या शिक्षकीय दायित्वों में लापरवाही को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT