home page

होली पर हाईटेक निगरानी: जांजगीर-चांपा पुलिस की ड्रोन से चप्पे-चप्पे पर नजर

 | 
होली पर हाईटेक निगरानी: जांजगीर-चांपा पुलिस की ड्रोन से चप्पे-चप्पे पर नजर


होली पर हाईटेक निगरानी: जांजगीर-चांपा पुलिस की ड्रोन से चप्पे-चप्पे पर नजर


जांजगीर-चांपा, 02 मार्च (हि. स.)। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने इस बार हाईटेक तकनीक का सहारा लिया है। जिले में ड्रोन तकनीक के माध्यम से विशेष निगरानी की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से तीन उन्नत तकनीक वाले ड्रोन तैनात किए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ड्रोन कैमरों से लगातार नजर रखी जाएगी। खासकर उन संकीर्ण गलियों और क्षेत्रों में हवाई निगरानी की जाएगी, जहां पुलिस बल की सीधी पहुंच कठिन होती है।

ड्रोन मॉनिटरिंग के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाएगी। यदि कहीं भी हुड़दंग, अव्यवस्था या कानून का उल्लंघन होता दिखाई देता है, तो कंट्रोल रूम से तत्काल संबंधित थाने की टीम को अलर्ट कर मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी हवाई सर्विलांस किया जाएगा, ताकि जाम या अव्यवस्था की स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया जा सके।

पुलिस द्वारा जिले के तीन अलग-अलग स्थानों से ड्रोन उड़ाकर सतत निगरानी रखी जाएगी। ड्रोन में हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं, जो रियल टाइम फुटेज कंट्रोल रूम तक पहुंचाएंगे। इससे भीड़ की गतिविधियों और संवेदनशील इलाकों की स्थिति पर पैनी नजर बनी रहेगी।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

जिले में इस बार ड्रोन तकनीक के उपयोग से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की तैयारी की गई है, ताकि रंगों का यह पर्व उल्लास और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT