जांजगीर-चांपा पुलिस के ‘एक राखी साइबर जागृति’ अभियान को राज्य स्तरीय पुरस्कार
-एक घंटे में 1.65 लाख लोगों तक पहुंचाया साइबर सुरक्षा का संदेश
जांजगीर-चांपा, 09 अक्टूबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक संचालित ‘एक राखी साइबर जागृति’ अभियान को नवाचार (इनोवेशन) श्रेणी में राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। 9 अक्टूबर को रायपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने जांजगीर-चांपा पुलिस को यह सम्मान प्रदान किया। पुलिस की ओर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क ने पुरस्कार ग्रहण किया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में संचालित इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता व्यापक जनभागीदारी और कम समय में बड़ी संख्या में लोगों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना रहा। अभियान के तहत 27 अगस्त 2026 को महज एक घंटे में 1 लाख 65 हजार से अधिक लोगों को साइबर जागरूकता की राखी बांधकर साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। इस अनूठी पहल के माध्यम से आम नागरिकों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने और साइबर ठगी से बचने के उपायों की जानकारी दी गई।
जांजगीर-चांपा पुलिस का यह अभियान पारंपरिक जनजागरूकता कार्यक्रमों से अलग नवाचार और सामाजिक सहभागिता पर आधारित था। राखी के माध्यम से लोगों को साइबर सुरक्षा का संदेश देकर पुलिस ने त्योहार की भावना को डिजिटल सुरक्षा से जोड़ा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक, ओटीपी साझा करने और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सजग करना था, ताकि लोग सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपना सकें।
राज्य स्तरीय पुरस्कार मिलना जांजगीर-चांपा पुलिस के साइबर अपराधों की रोकथाम, सामुदायिक पुलिसिंग और जनजागरूकता के प्रयासों को मिली महत्वपूर्ण पहचान है। इस उपलब्धि से पुलिस के उन अभियानों को प्रोत्साहन मिलेगा, जिनके माध्यम से आम नागरिकों को सीधे जोड़कर अपराधों की रोकथाम के लिए जागरूक किया जाता है। ‘एक राखी साइबर जागृति’ अभियान ने यह साबित किया कि रचनात्मक पहल और जनभागीदारी के जरिए कम समय में भी बड़े स्तर पर जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

