home page

नागपंचमी मेले की सुरक्षा को लेकर जांजगीर पुलिस अलर्ट, एएसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने पोड़ीदहला पहाड़ का किया निरीक्षण

 | 
नागपंचमी मेले की सुरक्षा को लेकर जांजगीर पुलिस अलर्ट, एएसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने पोड़ीदहला पहाड़ का किया निरीक्षण


जांजगीर-चांपा, 12 अगस्त (हि. स.)। आगामी 17 अगस्त 2026 को नागपंचमी पर्व के अवसर पर अकलतरा क्षेत्र के ग्राम पोड़ीदहला स्थित पहाड़ में लगने वाले विशाल मेले को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क ने आज 12 अगस्त को ग्राम पोड़ीदहला पहुंचकर नागपंचमी मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मेला स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर संभावित भीड़भाड़ वाले स्थानों की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एएसपी डॉ. यूलैंडन यार्क ने मेला आयोजन समितियों और क्षेत्र में सक्रिय पहाड़ी मित्रों से भी चर्चा की। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आपसी समन्वय से काम करने पर जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन की कोशिश है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

पुलिस ने मेले में आने वाले युवाओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि, युवा हाथ में चूड़ा या कड़ा पहनकर भीड़भाड़ वाले मेले में न आएं, ताकि भीड़ के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

इसके साथ ही नाबालिग बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों से भी विशेष अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को भीड़भाड़ वाले मेले में अकेले न भेजें और मेले के दौरान बच्चों पर विशेष नजर रखें।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील करते हुए कहा है कि मेला समिति और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

नागपंचमी पर्व को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पोड़ीदहला पहाड़ में आयोजित होने वाले नागपंचमी मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT