home page

जनदर्शन में 35 आवेदन, त्वरित निराकरण के निर्देश

 | 
जनदर्शन में 35 आवेदन, त्वरित निराकरण के निर्देश


बलरामपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनदर्शन में सोमवार को जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आवेदकों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागों को आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए।

आवेदनों में सीमांकन, नामांतरण, आवास, पेंशन, राजस्व सहित व्यक्तिगत और जनहित से जुड़े मामले शामिल रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि सभी आवेदनों की नियमानुसार जांच कर पात्रता के आधार पर जल्द निराकरण किया जाए। साथ ही आवेदकों को उनके प्रकरण की स्थिति की जानकारी भी दी जाए।

उन्होंने कहा कि जनदर्शन शासन और आम लोगों के बीच सीधे संवाद का माध्यम है। यहां आने वाले लोगों की समस्याओं का गंभीरता से परीक्षण कर उन्हें नियमानुसार समाधान दिलाना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एल. लाल, आर.एन. पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय