home page

कोरबा में जल जीवन मिशन से बदली बृंदा महंत की जिंदगी, घर के नल तक पहुंचा स्वच्छ पानी

 | 
कोरबा में जल जीवन मिशन से बदली बृंदा महंत की जिंदगी, घर के नल तक पहुंचा स्वच्छ पानी


कोरबा, 26 सितंबर (हि.स.)। कोरबा विकासखंड के ग्राम पंचायत अजगरबहार निवासी बृंदा महंत के परिवार के लिए जल जीवन मिशन रोजमर्रा की जिंदगी में बड़ा बदलाव लेकर आया है। पहले घरेलू जरूरत के पानी के लिए उन्हें घर से दूर हैण्डपम्प तक जाना पड़ता था। कई बार पानी भरने के लिए कतार में इंतजार करना पड़ता था और दिन में जरूरत के अनुसार बार-बार पानी लाने की परेशानी उठानी पड़ती थी। अब उनके घर में टेपनल के माध्यम से स्वच्छ जल उपलब्ध होने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो गई है।

बृंदा महंत बताती हैं कि पहले सुबह से ही घर के लिए पानी की व्यवस्था की चिंता रहती थी। हाथ में बर्तन लेकर दूर स्थित हैण्डपम्प तक जाना, पानी भरकर वापस घर लाना और इसके बाद घरेलू कामकाज करना उनकी रोज की दिनचर्या का हिस्सा था। पानी की जरूरत अधिक होने पर कई बार उन्हें दो से तीन बार भी हैण्डपम्प तक जाना पड़ता था। इससे समय और मेहनत दोनों खर्च होते थे।

बरसात के मौसम में यह परेशानी और बढ़ जाती थी। बारिश के कारण रास्ते में आने-जाने में दिक्कत होती थी। वहीं, शाम या रात में अचानक पानी की जरूरत पड़ने पर घर से बाहर जाकर पानी लाना परिवार के लिए परेशानी का कारण बनता था। इसके अलावा पहले उपलब्ध पानी की स्वच्छता को लेकर भी चिंता बनी रहती थी। दूषित पानी के इस्तेमाल से जलजनित बीमारियों का खतरा रहता था, जिससे परिवार के स्वास्थ्य को लेकर भी आशंका बनी रहती थी।

जल जीवन मिशन के तहत घर में टेपनल के माध्यम से पानी पहुंचने के बाद अब बृंदा महंत के परिवार को घर से दूर जाकर पानी लाने की जरूरत नहीं पड़ती। घर पर ही पानी उपलब्ध होने से खाना बनाने, पीने और घरेलू निस्तारी सहित रोजमर्रा के काम आसानी से पूरे हो रहे हैं। पानी लाने में पहले जो समय और मेहनत लगती थी, वह अब बच रही है।

बृंदा महंत का कहना है कि घर में स्वच्छ पानी पहुंचने से परिवार को काफी राहत मिली है। अब पानी के लिए मौसम या समय देखकर बाहर जाने की मजबूरी नहीं रही। जरूरत पड़ने पर घर में ही नल खोलकर पानी उपलब्ध हो जाता है। इससे दैनिक जीवन आसान होने के साथ स्वास्थ्य को लेकर भी संतोष मिला है।

उन्होंने जल जीवन मिशन को ग्रामीण परिवारों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि हर घर तक नल से जल पहुंचाने की पहल से उनके परिवार को भी सीधा लाभ मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। बृंदा के परिवार के लिए घर तक पहुंचा स्वच्छ पानी अब सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि रोजमर्रा के जीवन को आसान बनाने वाला महत्वपूर्ण बदलाव बन गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी