home page

जल जीवन मिशन से बदली इंदु कंवर की दिनचर्या, घर में नल से मिल रहा स्वच्छ पेयजल

 | 
जल जीवन मिशन से बदली इंदु कंवर की दिनचर्या, घर में नल से मिल रहा स्वच्छ पेयजल


कोरबा, 20 सितंबर (हि. स.)। जल जीवन मिशन के तहत हर घर जल योजना से ग्रामीण परिवारों की पानी से जुड़ी परेशानियां कम हो रही हैं। पाली विकासखंड के ग्राम पटपरा निवासी इंदु कंवर के परिवार को भी इस योजना का लाभ मिला है। घर में टेपनल के माध्यम से स्वच्छ पानी उपलब्ध होने से अब परिवार को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर जाकर पानी लाने की जरूरत नहीं पड़ती।

इंदु कंवर ने बताया कि पहले पानी के लिए घर से दूर स्थित हैंडपंप तक जाना पड़ता था। गर्मी के दिनों में पानी की समस्या बढ़ जाती थी और पानी लाने में काफी समय व मेहनत लगती थी। बरसात के मौसम में तथा शाम या रात के समय पानी लेने के लिए बाहर जाना और भी मुश्किल होता था।

उन्होंने बताया कि अब जल जीवन मिशन के माध्यम से घर में ही नल से साफ पानी मिल रहा है। इससे पीने, खाना बनाने और घरेलू कार्यों के लिए पानी आसानी से उपलब्ध हो जाता है। पानी भरने में लगने वाला समय और श्रम बचने से परिवार के अन्य दैनिक कार्य भी सुगमता से पूरे हो रहे हैं।

स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से दूषित पानी से होने वाली बीमारियों की चिंता भी कम हुई है। इंदु कंवर ने हर घर जल की सुविधा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घर में स्वच्छ पानी मिलने से परिवार की दिनचर्या आसान हुई है और पानी लाने में लगने वाला समय व मेहनत दोनों बच रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी