home page

40 योजनाओं में शुरू हुआ पेयजल प्रदाय, ग्रामीणों को मिली राहत

 | 
40 योजनाओं में शुरू हुआ पेयजल प्रदाय, ग्रामीणों को मिली राहत


जल जीवन मिशन से स्वच्छ एवं सुगम पेयजल की सुविधा

बलरामपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। हर घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में जल जीवन मिशन की योजनाओं को तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित योजनाओं की नियमित समीक्षा कर कार्यों को गति दी जा रही है। आज शुक्रवार को जिले में जल जीवन मिशन के तहत विगत एक माह में करीब 40 ग्रामों में पेयजल प्रदाय शुरू किया जा चुका है।

इनमें खजूरियाडीह, चांदो, लोढ़ा, हर्री, बादा, महेवा एवं पहाड़खड़ुवा सहित विभिन्न ग्राम शामिल हैं। योजनाओं के पूरा होने के बाद इन गांवों के ग्रामीण परिवारों को नल के माध्यम से पेयजल की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है।

जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पेयजल की सुविधा पहुंचने से ग्रामीण परिवारों को दूरस्थ जलस्रोतों पर निर्भरता से राहत मिल रही है। खासकर महिलाओं और बच्चों को पानी लाने में लगने वाले समय और श्रम की बचत हो रही है। घर के नजदीक पेयजल उपलब्ध होने से ग्रामीणों की दैनिक दिनचर्या भी आसान हुई है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं निरंतर निगरानी में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए योजनाओं के कार्यों में तेजी लाई गई है। जिले में करीब 40 योजनाओं में पेयजल प्रदाय शुरू होने के साथ ही इससे कई गुना अधिक योजनाओं में कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। यह योजनाएं वर्तमान में अलग-अलग चरणों में प्रगति पर हैं और निर्माण कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाया जा रहा है।

कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने पर जोर दिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माणाधीन योजनाओं की सतत निगरानी करने तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं में पेयजल प्रदाय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जल जीवन मिशन के माध्यम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय