home page

महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव पर जैन समाज ने निकाली साईकिल रैली

 | 
महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव पर जैन समाज ने निकाली साईकिल रैली


धमतरी, 30 मार्च (हि.स.)। जैन समाज द्वारा महावीर जन्म कल्याणक के पावन अवसर पर 27 से 31 मार्च 2026 तक शहर में विविध धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार शाम को जैन समाज के बच्चों व बड़ों ने साईकिल रैली निकाली।

कार्यक्रम में तीनों जैन समाज, श्वेताम्बर मूर्तिपूजक, स्थानकवासी एवं दिगंबर समाज की सहभागिता रही।

साेमवार शाम को अहिंसा साइकिल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाओं द्वारा मठा वितरण और सांस्कृतिक गतिविधियों में विशेष भूमिका निभाई गई। आज 31 मार्च को सुबह नौ बजे बजे श्री पार्श्वनाथ जिनालय में प्रवचन आयोजित होगा।

उल्लेखनीय है कि महोत्सव की शुरुआत 27 मार्च से प्रतिदिन सुबह प्रभात फेरियों के साथ हुई, जिसमें समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। अलग-अलग स्थानों से निकलकर प्रभात फेरियां शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। 28 मार्च को विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। इस दौरान रक्तदान शिविर और जयपुर पैर वितरण भी हुआ। गौसेवा के अंतर्गत राष्ट्रीय गोशाला में गायों को गुड़ और रोटी खिलाई गई। महोत्सव के दौरान विभिन्न स्थानों पर मठा वितरण, अंजलि प्याऊ, गन्ना रस वितरण जैसे सेवा कार्य किए गए।

घड़ी चौक सहित प्रमुख स्थानों पर प्याऊ का शुभारंभ भी किया गया। प्रतिदिन शाम को धनकेशरी मंगल भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं, जिसमें नृत्य, नाटिका, काव्य प्रतियोगिता, परिवार आधारित प्रतियोगिताएं और ‘कुटुम्ब गौरव सम्मान’ जैसे कार्यक्रम का आयोजन हुआ। आज 31 मार्च को सुबह 7 बजे दिगंबर जैन मंदिर अठवानी गली में भगवान महावीर स्वामी का 108 रजत कलशों से महामस्ताभिषेक किया जाएगा। इसके अलावा अहिंसा खेल दिवस और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। महोत्सव के आयोजन में अध्यक्ष विजय गोलछा, बसंत ओस्तवाल, दीपक जैन, सचिव अशोक राखेचा, नेमीचंद छाजेड़, अमित जैन सहित विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा