home page

बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का असर बस्तर में दिखा, सुबह से बारिश जारी

 | 
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव का असर बस्तर में दिखा, सुबह से बारिश जारी


जगदलपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। मानसून विदाई से पहले छत्तीसगढ़ सहित बस्तर को जमकर भिगाने की तैयारी में है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर बस्तर में देखने को मिल रहा है। आज मंगलवार काे सुबह से ही बस्तर में बारिश का अनवरत दाैर जारी है।

मौसम विभाग ने आज 22 सितंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं 24 सितंबर को भी बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में झमाझम बारिश की संभावना हैं।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम-मध्य और उससे लगे पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र उसी इलाके में सक्रिय रहा। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और अगले 24 से 48 घंटे में अवदाब से गहरे अवदाब में बदलने की संभावना है। सिस्टम के 23 सितंबर की सुबह के आस-पास उत्तरी आंध्रप्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने के आसार हैं। इस सिस्टम का असर छत्तीसगढ़ में भी साफ दिखाई देने लगा है। आज सुबह से ही बस्तर में बारिश का अनवरत दाैर जारी है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। सबसे ज्यादा भैरमगढ़ में 5 सेमी, गंगालूर में 04 सेमी बारिश दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे