आईपीएस बद्री नारायण मीणा बस्तर आईजी नियुक्त
जगदलपुर, 25 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन ने आईपीएस अधिकारी बद्री नारायण मीणा को बस्तर रेंज का पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) नियुक्त किया है। उनकी नई पदस्थापना के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
बद्री नारायण मीणा इससे पहले नवा रायपुर स्थित पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में पदस्थ थे। अब उन्हें बस्तर रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बस्तर रेंज प्रदेश की महत्वपूर्ण पुलिस रेंजों में शामिल है, जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। आईजी मीणा के बस्तर रेंज आईजी नियुक्त होने से क्षेत्र में पुलिसिंग और सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। शासन के आदेश के बाद वे जल्द ही अपना कार्यभार ग्रहण करेंगे।
बस्तर रेंज के पूर्व आईजी सुंदरराज पी. को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में आईजी पद पर नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए हैं। सुंदरराज पी. ने बस्तर में अपने कार्यकाल के दौरान नक्सल विरोधी अभियानों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी नई नियुक्ति को राष्ट्रीयस्तर पर सुरक्षा और जांच एजेंसी को मजबूती देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

