शराब के नशे में युवक नदी के पानी में बेसुध पड़ा था, जांच में निकला जिंदा
कांकेर, 18 सितंबर (हि.स.)। जिले के अंतागढ़ नगर में बड़े पुल के पास आज शुक्रवार काे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नदी के पानी में एक युवक काफी देर से अचेत अवस्था में पड़ा नजर आया। युवक की हालत देखकर आस-पास मौजूद लोगों ने उसके डूबने की आशंका जताई गई। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियाें ने युवक को बाहर निकाला तो जिंदा निकला।
जानकारी के अनुसार नदी के किनारे पानी में युवक को देखा तो लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने युवक को पानी से बाहर निकालने की तैयारी शुरू की। पुलिसकर्मी युवक को नदी से बाहर निकालने की तैयारी कर ही रहे थे कि अचानक उसके शरीर में हलचल दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल उसे पानी से बाहर निकाला। जांच करने पर पता चला कि युवक की मौत नहीं हुई थी, बल्कि वह शराब के नशे में बेसुध पड़ा था। युवक की पहचान करीब 27 वर्षीय रामसाय यादव, निवासी ग्राम सुरवाही के रूप में हुई है।
वह युवक अंतागढ़ में एक व्यापारी के यहां ट्रक चालक के तौर पर काम करता है। जिस जगह वह पड़ा था, वहां पानी इतना था कि उसका चेहरा पानी से बाहर था, जबकि शरीर का अधिकांश हिस्सा पानी में डूबा हुआ था। करीब एक घंटे तक युवक इसी हालत में पड़ा रहा। दूर से देखने पर लोगों को लगा कि वह नदी में डूब चुका है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान युवक के जीवित होने का पता चलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस युवक को थाने लेकर गई, जहां समझाइश देने के बाद उसे छोड़ दिया गया। घटना के दौरान नदी किनारे काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। युवक के नशे में नदी के भीतर सो जाने की बात सामने आने के बाद यह मामला आसपास के लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

