home page

सेवा, समर्पण और मानवता का प्रतीक है नर्सिंग पेशा, अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मना

 | 
सेवा, समर्पण और मानवता का प्रतीक है नर्सिंग पेशा, अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मना


रिलायंस इंस्टीट्यूट एवं फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस

धमतरी, 12 मई (हि.स.)। रिलायंस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एवं फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग लिमतरा, धमतरी में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में नर्सिंग पेशे की महत्ता, सेवा भावना और मानवता के प्रति समर्पण को याद करते हुए फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस प्रतिवर्ष 12 मई को आधुनिक नर्सिंग की जनक फ्लोरेंस नाइटिंगेल की जयंती के रूप में मनाया जाता है। फ्लोरेंस नाइटिंगेल ने क्रीमियन युद्ध के दौरान घायल सैनिकों की सेवा कर मानवता और नर्सिंग सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया था। उनके योगदान को आज भी पूरी दुनिया में सम्मान के साथ याद किया जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके बाद केक काटकर उनकी जयंती मनाई गई। इस अवसर पर रिलायंस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य संजय कुमार लाल एवं फ्लोरेंस कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य वीके डेविड ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, संवेदना और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मरीजों की देखभाल में नर्सों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और समाज में उनका योगदान अतुलनीय है।

प्राचार्यों ने विद्यार्थियों को फ्लोरेंस नाइटिंगेल के आदर्शों से प्रेरणा लेने और अपने कार्य के प्रति ईमानदारी एवं संवेदनशीलता बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एक कुशल नर्स न केवल मरीजों का उपचार करती है, बल्कि उन्हें मानसिक संबल और आत्मविश्वास भी प्रदान करती है। कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग विद्यार्थियों ने भी नर्सिंग सेवा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए तथा मानव सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त नर्सिंग स्टाफ, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नर्सिंग पेशे की गरिमा बनाए रखने और समाज सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा