अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस पर 51 बेटियों का चरण पखारकर किया सम्मान, जन चेतना कल्याण मंच की पहल
बलरामपुर, 27 सितंबर (हि.स.)।अंतरराष्ट्रीय बेटी दिवस के अवसर पर आज रविवार को रामानुजगंज में जन चेतना कल्याण मंच की ओर से बेटियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 51 बेटियों का चरण पखारकर, तिलक लगाकर और आरती उतारकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों के प्रति सम्मान और समाज में सकारात्मक सोच का संदेश दिया गया।
मंच के प्रदेश अध्यक्ष विकास दुबे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में पंक्तिबद्ध बैठीं 51 बेटियों के पैर धोकर उनका सम्मान किया गया। इसके बाद उन्हें उपहार सामग्री भी भेंट की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं और प्रबुद्ध वर्ग के लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर विकास दुबे ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ केवल नारे तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे समाज के हर व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाने की जरूरत है। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में आगे बढ़ सकती हैं।
आयोजकों ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के प्रति समाज में सम्मान की भावना को मजबूत करना और यह संदेश देना है कि बेटियां परिवार पर बोझ नहीं, बल्कि परिवार और समाज की ताकत हैं। आयोजन में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

