शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय में अंतर महाविद्यालयीन प्रतियोगिता 22 नवंबर से
जगदलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले के शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र कुम्हरावण्ड जगदलपुर की मेजबानी में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर की दक्षिण क्षेत्रीय अंतर महाविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 24 नवंबर तक किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस खेल महाकुंभ की तैयारियां चल रही हैं और प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह रविवार 22 नवंबर को प्रातः 10 बजे महाविद्यालय परिसर में होगा।
इस प्रतियोगिता में कुल 17 विधाओं में रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें एथलेटिक्स के तहत 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़ के साथ हाई जंप और लॉन्ग जंप शामिल हैं। इनके अलावा टेबल टेनिस, बैडमिंटन सिंगल व डबल, कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल जैसे टीम व अन्य मुकाबलों में भी खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे। स्पर्धाओं में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शासकीय विद्यालयों से 10 शासकीय रेफरी नियुक्त किए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों में खास उत्साह देखा जा रहा है।
प्रतियोगिता में विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों के कुल 240 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इनमें मेजबान शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय जगदलपुर के साथ कृषि महाविद्यालय कुरुद, कृषि महाविद्यालय पखांजूर, रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय सिंगारभाट (कांकेर), लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय नारायणपुर, कृषि महाविद्यालय धमतरी एवं महामाया कृषि महाविद्यालय जगदलपुर की टीमें शामिल हैं और सभी दलों के जगदलपुर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. नवनीत राणा (अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, कुरुद-धमतरी), डॉ. आदिकांत प्रधान (अधिष्ठाता, रामप्रसाद पोटाई कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, सिंगारभाट-कांकेर), डॉ. जी.एल. शर्मा (अधिष्ठाता, लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, नारायणपुर), डॉ. पी.एल. जॉनसन (अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केन्द्र, पखांजूर-कांकेर), डॉ. ए.के. ठाकुर (सह संचालक अनुसंधान, परिक्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केन्द्र, जगदलपुर) एवं डॉ. संतोष कुमार नाग (वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केन्द्र, जगदलपुर) शामिल होंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेजबान महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आर.एस. नेताम करेंगे, जबकि आयोजन सचिव की जिम्मेदारी क्रीड़ा प्रभारी डॉ. आर.आर. कंवर संभाल रहे हैं। आयोजकों के अनुसार खेल मैदानों को अंतिम रूप दिया जा रहा है और खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं, ताकि इस आयोजन को यादगार बनाया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

