दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को प्रदान की गई बीमा राशि
धमतरी, 26 जून (हि.स.)। पुलिस मुख्यालय एवं एसबीआई के सैलरी पैकेज एमओयू का लाभ देते हुए दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को बीमा राशि प्रदान की गई। एसपी सूरज सिंह परिहार एवं एसबीआई अधिकारियों ने शुक्रवार काे नामिनी स्वजन को बीमा दावे के चेक वितरण किए। तीन पुलिस परिवारों को कुल एक करोड़ 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता कठिन समय में मिला, जिससे अब वे आर्थिक रूप से मजबूत होंगे।
छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिसकर्मियों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न राष्ट्रीयकृत बैंकों के साथ सैलरी पैकेज संबंधी एमओयू किए गए हैं।
इन एमओयू के अंतर्गत पुलिस कर्मियों को विभिन्न वित्तीय एवं बीमा संबंधी सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, ताकि आकस्मिक परिस्थितियों में उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध हो सके। इसी क्रम में भारतीय स्टेट बैंक ने सैलरी पैकेज के अंतर्गत प्रदत्त बीमा सुविधा का लाभ तीन दिवंगत पुलिस कर्मियों के आश्रितों को प्रदान किया। इस दौरान जिला दुर्ग में पदस्थ रहे दिवंगत आरक्षक रामेश्वर नेताम, जिनका परिवार वर्तमान में धमतरी जिले के ग्राम केरेगांव में निवासरत है, उनके नामिनी डामिन बाई को एक करोड़ रुपये की बीमा दावा राशि का चेक प्रदान किया गया। इसी प्रकार दिवंगत आरक्षक कांतू ठाकुर जिला धमतरी की नामिनी राम बाई ठाकुर को 10 लाख रुपये की बीमा राशि के चेक प्रदान किए गए। ऐसे ही दिवंगत आरक्षक धनेश देवांगन जिला धमतरी की नामिनी नेहा देवांगन को 10 लाख रुपये की बीमा राशि के चेक प्रदान किए गए।
इस अवसर पर एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि पुलिस विभाग केवल अपने कर्मचारियों के साथ ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों के सुख-दुख में भी सहभागी रहता है। एसबीआई शाखा प्रबंधक चेतन सिंह ठाकुर ने बताया कि बैंक द्वारा पुलिसकर्मियों के लिए उपलब्ध सैलरी पैकेज में कई महत्वपूर्ण लाभ शामिल हैं, जिनमें बीमा सुरक्षा प्रमुख है। उन्होंने कहा कि बैंक भविष्य में भी पुलिस परिवारों को बेहतर सेवाएं एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धमतरी शैलेन्द्र कुमार पांडेय, डीएसपी मीना साहू, डीएसपीयशकरण दीप ध्रुव, एरिया मैनेजर राम देवांगन सहित पुलिस कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

