कलारबाहरा में रागी खेती का निरीक्षण, किसानों के नवाचार की सराहना
कम लागत, अधिक लाभ की खेती से बदल रही धमतरी की तस्वीर
धमतरी, 04 अप्रैल (हि.स.)। जिले में खेती के तौर-तरीकों में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। पारंपरिक धान के साथ अब किसान फसलचक्र परिवर्तन अपनाते हुए दलहन, तिलहन और मोटे अनाजों की खेती की ओर बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार काे कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने ग्राम पंचायत अरौद के कलारबाहरा पहुंचकर किसान सगनूराम नेताम के खेत में लगी रागी (मंडुआ) फसल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खेत में पहुंचकर रागी की फसल की स्थिति, उत्पादन क्षमता और खेती की पद्धतियों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने किसान सगनूराम नेताम से लागत, आय और श्रम के बारे में जानकारी ली। किसान ने बताया कि वह साल में तीन फसल ले रहा है और खेत के पास डबरी बनाकर मछलीपालन भी कर रहा है, जिससे अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है। कलेक्टर ने किसानों और महिला कृषकों से संवाद करते हुए रागी खेती के लाभों पर चर्चा की और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रागी जैसी मोटे अनाज की फसलें कम पानी में तैयार होती हैं, पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं और जलवायु के अनुकूल होने के कारण भविष्य की कृषि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने वैज्ञानिक पद्धति अपनाने, उन्नत बीजों के उपयोग और कृषि विभाग से निरंतर संपर्क बनाए रखने की सलाह दी।
फसल विविधीकरण से मजबूत हो रही कृषि धमतरी जिले में रागी की खेती अब लगभग 1,250 हेक्टेयर क्षेत्र में फैल चुकी है, जिसमें करीब 1,180 किसान जुड़े हुए हैं। इसके अलावा रबी सीजन में चना, अरहर और मसूर जैसी दलहन फसलें 18,450 हेक्टेयर क्षेत्र में ली जा रही हैं। तिलहन फसलों में सरसों का रकबा 8,300 हेक्टेयर तक पहुंच गया है, जबकि कुल तिलहन क्षेत्र लगभग 9,600 हेक्टेयर है।
पोषण, पर्यावरण और आय—तीनों में संतुलन
रागी और अन्य मोटे अनाज किसानों के लिए बहुआयामी लाभ लेकर आ रहे हैं। ये फसलें कम लागत और कम जोखिम में बेहतर उत्पादन देती हैं, जिससे आय में स्थायित्व आता है। साथ ही मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में भी मददगार हैं।
महिलाओं की बढ़ती भागीदारी
रागी खेती में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिल रही है। महिलाएं रोपाई, निराई-गुड़ाई और प्रसंस्करण जैसे कार्यों में योगदान देकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।
प्रशासन का निरंतर सहयोग कलेक्टर ने कहा कि फसलचक्र परिवर्तन को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण बीज और प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित किया जा रहा है। आने वाले समय में धमतरी को दलहन, तिलहन और मोटे अनाज उत्पादन का मजबूत केंद्र बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पीयूष तिवारी, जनपद सीईओ वर्षा रानी सहित संबंधित अधिकारी, ग्रामीण और किसान मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

