home page

कोरिया : पशु औषधालय में कलेक्टर की सख्ती, टीकाकरण में सुस्ती पर फटकार

 | 
कोरिया : पशु औषधालय में कलेक्टर की सख्ती, टीकाकरण में सुस्ती पर फटकार


कोरिया, 25 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पशु स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने बुधवार को चिरमी स्थित पशु औषधालय का औचक निरीक्षण किया। अचानक निरीक्षण से केंद्र के कर्मचारी हड़बड़ाते नजर आए। कलेक्टर ने मौके पर ही रजिस्टर, दवा वितरण और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच करते हुए कई कमियां उजागर कीं।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पंजी रजिस्टर का अवलोकन कर पशुओं के टीकाकरण की प्रगति की जानकारी ली। टीकाकरण कार्य में सुस्ती पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि पशुओं का समय पर टीकाकरण ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पशुधन सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

कलेक्टर ने जिला पशुधन विकास विभाग को निर्देशित किया कि जिले के सभी पशु औषधालयों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि व्यवस्थाओं में सुधार हो सके। उन्होंने दवाइयों की उपलब्धता के साथ उनकी एक्सपायरी डेट तक की जांच की और लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

निरीक्षण के दौरान पशु कल्याण समिति और गौधाम समिति के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निराश्रित एवं घुमंतू गौवंश के संरक्षण, वैज्ञानिक पद्धति से नस्ल सुधार, चारा विकास और अन्य गतिविधियों के जरिए ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों की जानकारी ली।

उन्होंने अधिकारियों से यह भी पूछा कि पशु स्वास्थ्य, प्रजनन, पोषण, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, कृत्रिम गर्भाधान, पशु चिकित्सा, चारा विकास, कुक्कुट पालन और बकरी पालन जैसी योजनाओं की जानकारी कितने हितग्राहियों तक पहुंचाई गई है। कलेक्टर ने जिला पशुपालन विभाग की उप संचालक डॉ. विभा बघेल को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप काम करते हुए पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाया जाए और ग्रामीणों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के लिए सतत प्रयास किए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह