बलरामपुर : आयुष्मान आरोग्य मंदिर सौनी का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
बलरामपुर, 26 जून (हि.स.)। जिले के ग्राम सौनी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, ओपीडी व्यवस्था और प्रसव संबंधी सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ चिकित्सा कर्मचारियों से प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संस्थान में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं की जानकारी लेते हुए हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित मॉनिटरिंग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हाई रिस्क गर्भवती महिला की समय पर जांच, उपचार और फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसी महिलाओं से लगातार संपर्क बनाए रखा जाए और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर कर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रसव पूर्व जांच और संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने डिलीवरी रूम का अवलोकन कर वहां उपलब्ध उपकरणों, साफ-सफाई, दवाओं और प्रसव संबंधी व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कलेक्टर ने क्षेत्र में सर्पदंश के मामलों की स्थिति की भी जानकारी ली और ऐसे मामलों में तत्काल उपचार एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सभी स्वास्थ्य संस्थान पूरी तरह सतर्क और तैयार रहें, ताकि किसी भी मरीज को समय पर उपचार मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

