home page

अधोसंरचना कार्यों पर सख्ती, धमतरी में विकास को मिलेगी नई रफ्तार

 | 
अधोसंरचना कार्यों पर सख्ती, धमतरी में विकास को मिलेगी नई रफ्तार


सड़क, पानी और कनेक्टिविटी पर फोकस, गुणवत्ता से समझौता नहीं

धमतरी, 18 मार्च (हि.स.)। धमतरी जिले में अधोसंरचना विकास को तेज करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में बुधवार काे आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा पर विस्तार से चर्चा की गई। साफ तौर पर निर्देश दिए गए कि सभी कार्य तय मानकों के अनुसार समय पर पूरे हों, किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीडब्ल्यूडी ब्रिज, एनएचएआई, जल संसाधन विभाग, विद्युत मंडल, पीएचई, क्रेडा और नगर निगम सहित कई विभागों के कामकाज की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि अधोसंरचना विकास जिले की प्राथमिकता है और इससे आम लोगों को बेहतर व सुरक्षित सुविधाएं मिलेंगी।

सड़क निर्माण में तेजी, बड़े प्रोजेक्ट्स पर खास नजर

धमतरी, सिहावा और कुरूद विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे सड़क निर्माण और उन्नयन कार्यों की गहन समीक्षा की गई। कोलियारी–खरेगा–दोनर–जोरातराई मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण कार्य जिले की प्रमुख उपलब्धि के रूप में सामने आया है। करीब 25 किलोमीटर लंबी इस सड़क में सबग्रेड का कार्य 28 किलोमीटर तक पूरा हो चुका है, जबकि जीएसबी और डब्ल्यूएमएम कार्य भी तेजी से जारी है। डब्ल्यूएमएम की पहली परत 6.50 किलोमीटर तक पूरी हो चुकी है।

शहर में नई सड़कों से सुधरेगी यातायात व्यवस्था

नए बजट में शहर की कई प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए प्रावधान किए गए हैं। बेंद्रानवागांव चौक से नहर तक पुलिस ग्राउंड मार्ग, डाक बंगला मुक्तिधाम से पंचवटी कॉलोनी, दानीटोला से कन्या महाविद्यालय होते हुए शीतकुंड मार्ग, दुलारी नागरा स्ट्रीट, जलविहार कॉलोनी की आंतरिक सड़कें और जोधपुर गौठान से पंचवटी कॉलेज मार्ग का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं से शहर में यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित होगी।

कनेक्टिविटी बढ़ेगी, घटेगा ट्रैफिक दबाव

रेलवे यार्ड से एनएच-30 तक कनेक्टिविटी, अमलतासपुरम से कलेक्ट्रेट और रूद्री तक नए मार्गों के निर्माण से ट्रैफिक दबाव कम होगा। धमतरी-नगरी मार्ग समेत अन्य प्रमुख सड़कों के उन्नयन से अंतरजिला और अंतरराज्यीय आवागमन भी मजबूत होगा, जिससे व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सिहावा और नगरी क्षेत्र में स्वीकृत सड़क और पुल निर्माण कार्यों से दूरस्थ गांवों का सालभर संपर्क बना रहेगा। इससे ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और बाजार तक पहुंच आसान होगी, साथ ही स्थानीय उत्पादों के विपणन को भी गति मिलेगी।

जल योजनाओं में देरी पर नाराजगी

नगरी और घटुला-सांकरा क्षेत्र की जल प्रदाय योजनाओं में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को जल्द सुधार के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी विभागों को पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के पूरा होने पर धमतरी अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा और नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा