home page

चलित थाना' के माध्यम से दी जा रही बस्तर फाइटर भर्ती की जानकारी

 | 
चलित थाना' के माध्यम से दी जा रही बस्तर फाइटर भर्ती की जानकारी


बीजापुर, 07 नवंबर (हि.स.)। बीजापुर पुलिस ने एक अनोखी पहल शुरू की है। पुलिस द्वारा 'चलित थाना' के माध्यम से अंदरूनी एवं दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर युवाओं को बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती-2026 की जानकारी दी जा रही है। पुलिस अधिकारी और जवान युवाओं से सीधे संवाद कर उन्हें भर्ती की प्रक्रिया, आवेदन और आवश्यक जानकारियों से अवगत करा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र युवा जानकारी के अभाव में इस सुनहरे अवसर से वंचित न रहे।

बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती-2026 के आवेदन फॉर्म जिले के समस्त थाना-चौकी, अनुविभागीय कार्यालयों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में निशुल्क उपलब्ध हैं। भरे हुए आवेदन फॉर्म जिले के समस्त अनुविभागीय कार्यालयों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमा किए जा रहे हैं। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी थाना, अनुविभागीय कार्यालय अथवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बीजापुर में संपर्क कर सकते हैं।

आवेदन पत्र और भर्ती प्रक्रिया की जानकारी के लिए फ्लेक्स भी समस्त थाना-अनुविभाग कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लगाए गए हैं। बीजापुर पुलिस की यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर साबित हो रही है। इससे न केवल उन्हें भर्ती प्रक्रिया की सही जानकारी मिल रही है, बल्कि वे सरकारी नौकरी के प्रति प्रेरित भी हो रहे हैं। पुलिस का यह प्रयास इलाके के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।

उल्लेखनीय है कि जिले मेंं डिजिटल संचार क्रांति के दौर में आज अधिकांश लोग मोबाइल के माध्यम से देश-दुनिया की खबरों से अपडेट रहते हैं। लेकिन अंदरूनी और दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क और अन्य सुविधाओं की सीमित उपलब्धता के कारण कई बार युवाओं तक महत्वपूर्ण जानकारियां समय पर नहीं पहुंच पाती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे