धमतरी जिला के ग्राम इर्रा में ग्रामीणों को दी गई वीबीजी राम जी योजना की जानकारी
धमतरी, 07 मार्च (हि.स.)। विकासखंड कुरुद अंतर्गत ग्राम पंचायत इर्रा में वीबीजी राम जी योजना के तहत तालाब किनारे ग्रामीणों के बीच जनजागरूकता अभियान चलाकर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को योजना की जानकारी देते हुए इसके उद्देश्य और लाभ के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत इर्रा के सरपंच सूर्यकांत साहू ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मेरा गांव मेरा परिवार और मेरा वार्ड मेरा परिवार की भावना के साथ पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
सरपंच सूर्यकांत साहू ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि गांव के विकास कार्यों में सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने बताया कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समय-समय पर ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर ग्रामीणों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता के महत्व के बारे में भी बताया गया। तालाब किनारे आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पंचायत द्वारा चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में सरपंच सूर्यकांत साहू ने कहा कि ग्राम पंचायत इर्रा में सबके साथ और सबके सहयोग से विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्रामवासियों के सहयोग से पंचायत क्षेत्र में विकास की नई दिशा तय होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

