बलरामपुर : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक
बलरामपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर आज सोमवार संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में समारोह की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर वर्चुअल रूप से बैठक में शामिल हुए।
बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी को समारोह का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
समारोह के लिए साफ-सफाई, शामियाना-टेंट, कुर्सी, माइक, बैरिकेडिंग, पेयजल, सजावट, परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई। अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की प्रक्रिया पर भी चर्चा हुई। संबंधित विभागों को निर्धारित प्रारूप में पात्र कर्मचारियों के नाम और प्रस्ताव समय पर भेजने के लिए कहा गया।
कलेक्टर ने कहा कि 13 अगस्त को होने वाले अंतिम पूर्वाभ्यास से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और आपसी समन्वय से काम पूरा करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

