home page

रामानुजगंज नगरपालिका में शान से लहराया तिरंगा, अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण

 | 
रामानुजगंज नगरपालिका में शान से लहराया तिरंगा, अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण


स्कूली बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां, देश की एकता और अखंडता के प्रति मजबूत किया संकल्प

बलरामपुर, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रामानुजगंज नगर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित कर ध्वजारोहण किया गया। नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने राष्ट्रध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

ध्वजारोहण कार्यक्रम में रामानुजगंज अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, थाना प्रभारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के बाद विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में राष्ट्रप्रेम और उत्साह का माहौल बना दिया। उपस्थित लोगों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के संघर्ष एवं बलिदान की याद दिलाता है, जिनके त्याग और संघर्ष से देश को आजादी मिली।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकारों का नाम नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को जिम्मेदारी के साथ निभाने का भी अवसर है। देश की प्रगति के लिए सभी नागरिकों को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने तथा सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के जयघोष के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने ‘जय हिंद’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय