स्वतंत्रता दिवस समारोह का हुआ अंतिम पूर्वाभ्यास
- कलेक्टर व एसपी ने तैयारी के सम्बन्ध में दिये जरूरी निर्देश
बलौदाबाजार, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस जिला स्तरीय समारोह का फुल ड्रेस फ़ाइनल रिहर्सल गुरुवार क़ो कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं एसपी गौरव राय की उपस्थिति में पण्डित चक्रपाणी शुक्ल हाई स्कूल मैदान में सम्पन्न हुआ। इस दौरान मुख्य अतिथि की भूमिका में सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण किया।
मुख्य समारोह में मिनट टू मिनट आयोजित होने वाले कार्यक्रम अनुसार सभी कार्यक्रमों का रिहर्सल किया गया। परेड में जिला पुलिस बल, अर्द्ध सैनिक बल, होम गार्ड, एनसीसी, एन एस एस, स्काउट गाइड की टुकड़ियां शामिल हुई। परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक उषा ठाकुर एवं परेड 2 आईसी प्रशिक्षु सूबेदार पुष्पेंद्र राज खटर्जी ने किया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी अभ्यास किया गया।
कलेक्टर श्री शर्मा ने समारोह में अतिथियों एवं नागरिकों की बैठक व्यवस्था,साउंड सिस्टम, पेयजल, जलपान सहित अन्य व्यवस्थाओ क़ो दुरुस्त रखने के निर्देश दिये। उन्होंने संस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति में कमियों को दूर करने कहा।एसपी गौरव राय ने पार्किंग,सुरक्षा सहित अनुशासन का पालन करते हुए बेहतर ढंग से कार्यक्रम सम्पन्न करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर दीप्ति गौते, निशा नेताम मड़ावी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा, सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

