home page

स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल पूरी, कलेक्टर-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

 | 
स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल पूरी, कलेक्टर-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा


स्वतंत्रता दिवस समारोह की अंतिम रिहर्सल पूरी, कलेक्टर-एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा


जांजगीर-चांपा, 13 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जांजगीर जिला मुख्यालय के शासकीय हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले जिलास्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुवार को समारोह की अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने रिहर्सल का अवलोकन करते हुए परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और समारोह स्थल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अंतिम रिहर्सल में पूरे स्वतंत्रता दिवस समारोह का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिनट-टू-मिनट अभ्यास किया गया। अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली और परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। फुल ड्रेस रिहर्सल में पुलिस बल, संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे और एसपी विजय कुमार पांडेय ने समारोह स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, ध्वजारोहण स्थल, बैरीकेटिंग, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग तथा प्रवेश और निकासी द्वार का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित समारोह में होने वाली अन्य गतिविधियों की तैयारियों का भी जायजा लिया और आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा प्रतिज्ञा दिलाई। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

अंतिम रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उदयन बेहार, संयुक्त कलेक्टर संदीप सिंह ठाकुर, जांजगीर एसडीएम सुब्रत प्रधान सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT