home page

जांजगीर-चांपा के नैला में पुलिस मितान बूथ का उद्घाटन, सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

 | 
जांजगीर-चांपा के नैला में पुलिस मितान बूथ का उद्घाटन, सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत


जांजगीर-चांपा, 15 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला पुलिस ने आमजन की सुविधा और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। थाना सिटी कोतवाली अंतर्गत चौकी नैला क्षेत्र में जूना तालाब के पास पुलिस मितान बूथ का उद्घाटन किया गया। इस बूथ के शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों को पुलिस से संबंधित आवश्यक सहायता और जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।

पुलिस मितान बूथ का उद्घाटन जांजगीर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलेंडेन यॉर्क ने किया। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा जूना तालाब के आसपास पुलिस मितान बूथ खोलने की मांग की जा रही थी। बूथ के खुलने से स्थानीय लोगों को अपनी समस्याओं और शिकायतों के लिए पुलिस तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

पुलिस के अनुसार, पुलिस मितान बूथ के माध्यम से क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। साथ ही असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इससे क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने वार्ड के पार्षद, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों को पुलिस मितान बूथ के उद्देश्य और उपयोगिता की जानकारी दी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध या अन्य समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस मितान बूथ पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय स्तर पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस तक पहुंचना आसान होगा।

जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा “सुरक्षित क्षेत्र—सशक्त समाज” की भावना के साथ आमजन की सुरक्षा, सुविधा और पुलिस-जनसहयोग को मजबूत करने के लिए लगातार आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT