जशपुर को मिली नई खेल पहचान, मुख्यमंत्री साय ने किया स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग इंडोर स्टेडियम का शुभारंभ
जशपुर, 28 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार काे जशपुर जिले को खेल के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए जिला अस्पताल के पास 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग वॉल इंडोर स्टेडियम का शुभारंभ किया। इस अत्याधुनिक सुविधा के शुरू होने से जिले के युवाओं और खिलाड़ियों को अब प्रोफेशनल स्तर पर प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा।
इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों सहित कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, डीएफओ शशि कुमार और अन्य अधिकारी, खिलाड़ी व कोच उपस्थित रहे। कार्यक्रम में खेल के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि को देखते हुए इस पहल को महत्वपूर्ण बताया गया।
जिला प्रशासन और देशदेखा स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग समूह के संयुक्त प्रयास से इस इंडोर स्टेडियम में इच्छुक खिलाड़ियों को पहाड़ों पर चढ़ाई की तकनीक और आधुनिक तरीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। फिलहाल इस समूह में 15 सदस्य शामिल हैं, जिन्हें 5 मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षित कर रहे हैं।
स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग वॉल के मास्टर ट्रेनर रवि कुमार सिंह ने बताया कि यहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था के साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड इंस्टीट्यूट (पीसीजीआई ), यूएसए से प्रमाणित प्रशिक्षण प्राप्त किया है, जिससे खिलाड़ियों को उच्चस्तर की कोचिंग मिलेगी। प्रशिक्षण टीम में तेजल भगत, रूसनाथ भगत, सचिन कुजुर और प्रतीक नायक जैसे प्रशिक्षक भी शामिल हैं।
इस इंडोर स्टेडियम के शुरू होने से जशपुर के खिलाड़ियों को अब अपने ही जिले में एडवेंचर स्पोर्ट्स की उन्नत सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

