home page

खीरा लोड करने के बहाने जंगल में बुलाया वाहन, साल के लट्ठे लोड करते वन विभाग ने पकड़ा

 | 
खीरा लोड करने के बहाने जंगल में बुलाया वाहन, साल के लट्ठे लोड करते वन विभाग ने पकड़ा


2.299 घनमीटर इमारती लकड़ी से लदा महिंद्रा वीरो वाहन जब्त; लकड़ी की कीमत 1.71 लाख रुपये

बलरामपुर, 20 सितंबर (हि.स.)। रामानुजगंज वन परिक्षेत्र के बगरा सर्किल अंतर्गत पलगी बीट में वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से साल की इमारती लकड़ी के परिवहन की तैयारी करते एक महिंद्रा वीरो वाहन को जब्त किया है। वाहन में साल प्रजाति के पांच लट्ठे लदे मिले, जिनकी कुल मात्रा 2.299 घनमीटर बताई गई है। जब्त लकड़ी की कीमत वन विभाग ने 1,71,448 रुपये आंकी है। कार्रवाई के दौरान मौके से एक व्यक्ति फरार हो गया।

वन विभाग ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, घटना आज रविवार काे कक्ष क्रमांक 794 के जंगल में हुई। एक व्यक्ति ने महिंद्रा वीरो वाहन के चालक को यह कहकर जंगल के भीतर बुलाया था कि वाहन में खीरा लोड करना है। वाहन के जंगल में पहुंचने के बाद खीरे की जगह अवैध रूप से काटी गई साल की इमारती लकड़ी लोड कराई जा रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज डॉ. दिलरुबा ए. बानो के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। टीम ने जंगल में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। वन अमले को देखकर मौके पर मौजूद व्यक्ति भागने में सफल रहा, लेकिन टीम ने लकड़ी से लदे महिंद्रा वीरो वाहन क्रमांक UP64 CT/3581 को जंगल के भीतर ही जब्त कर लिया।

वन विभाग ने वाहन सहित साल प्रजाति के पांच लट्ठों को विधिवत जब्त किया। जब्त लकड़ी की कुल मात्रा 2.299 घनमीटर और अनुमानित कीमत 1,71,448 रुपये है। मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20954/16, दिनांक 20 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है।

वन विभाग ने मामले में भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(क) एवं धारा 52, छत्तीसगढ़ वन उपज एवं व्यापार (विनियमन) अधिनियम 1969 की धारा 5(1) तथा छत्तीसगढ़ वनोपज अभिवहन नियम 2001 के नियम 22(1) के तहत कार्रवाई की है।

यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी बलरामपुर आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन, उपवनमंडलाधिकारी बलरामपुर अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन और वन परिक्षेत्राधिकारी रामानुजगंज डॉ. दिलरुबा ए. बानो के नेतृत्व में की गई।

जब्ती और कार्रवाई के दौरान उपवनक्षेत्रपाल मतिन अहमद अंसारी, वनपाल दयाशंकर सिंह, वनपाल विजय वर्मन, वनरक्षक कृष्ण कुमार पैकरा, वनरक्षक नरेश कुमार, वनरक्षक राजनाथ सिंह, वनरक्षक अनेश्वर राजवाडे और अनुराग तिवारी मौके पर मौजूद रहे।

वन विभाग ने बताया कि क्षेत्र में जंगलों की सुरक्षा और अवैध कटाई एवं लकड़ी तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है। अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय