home page

गौवंश का अवैध वध करने और गोमांस बेचने वाला पकड़ाया

 | 
गौवंश का अवैध वध करने और गोमांस बेचने वाला पकड़ाया


88 किलो से अधिक विवादित मांस बरामद

धमतरी, 13 जून (हि.स.)। अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने गौवंश के अवैध वध एवं गौमांस बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को एक आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मौके से 88.340 किलोग्राम विवादित मांस, गौवंश का पैर तथा मांस काटने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि साल्हेवारपारा (गाड़ापारा) क्षेत्र में एक व्यक्ति गौवंश के मांस को काटकर बिक्री के लिए तैयार कर रहा है। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही संदेही मौके से फरार हो गया, लेकिन तलाशी के दौरान विभिन्न प्लास्टिक बोरियों में रखा भारी मात्रा में विवादित मांस बरामद किया गया। विधिवत तौल कराने पर कुल 88.340 किलोग्राम गौमांस मिला, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये आंकी गई। इसके अलावा मांस काटने में प्रयुक्त चार लोहे के सत्तू, एक लकड़ी का गुटका, प्लास्टिक त्रिपाल एवं अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने लगातार खोजबीन कर आरोपित संतराम बघेल (43 वर्ष), निवासी साल्हेवारपारा, धमतरी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने अपराध से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए तथा बिक्री से प्राप्त 300 रुपये भी जब्त किए। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा तथा छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा