home page

अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की सख्ती, सात ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

 | 
अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की सख्ती, सात ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त


अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन की सख्ती, सात ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त


धमतरी, 03 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कुरूद विकासखंड के ग्राम चारभाटा (नारी) में शिकायत मिलने के बाद राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक जांच अभियान चलाकर 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरूद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद सुबह-सुबह संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच की, जिसमें सभी वाहन बिना वैध अनुमति के रेत परिवहन करते पाए गए। कार्रवाई के दौरान सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर कृषि उपज मंडी कुरूद में सुरक्षित रखा गया है। प्रशासन ने संबंधित प्रकरण का प्रतिवेदन तैयार कर कलेक्टर की खनिज शाखा को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि, जिले में अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की ‘शून्य सहिष्णुता’ की नीति लागू है। सभी विभागों को सतत निगरानी और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई से अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं प्रशासन की इस सख्ती को लेकर आम लोगों ने भी सराहना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा