home page

कोलियारी-धमतरी मार्ग पर परिवहन कर रहे आठ ट्रेक्टर पकड़ाया

 | 
कोलियारी-धमतरी मार्ग पर परिवहन कर रहे आठ ट्रेक्टर पकड़ाया


कोलियारी-धमतरी मार्ग पर परिवहन कर रहे आठ ट्रेक्टर पकड़ाया


धमतरी, 04 जुलाई (हि.स.)। वर्षाकाल शुरू होने के साथ जिले में 10 जून से सभी रेत खदानों पर उत्खनन प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस बीच रेत माफिया खदानों में रेत का अवैध उत्खनन व परिवहन भी कर रहा है, लेकिन सख्ती से जिला खनिज विभाग कार्रवाई नहीं कर पा रही है, इससे रेत माफियों के हौसला बुलंद है। इन माफियों को सफेदपोश नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। जवाबदार अधिकारी भी नतमस्तक है, ऐसे में माफियों का हौसला बुलंद है। कार्रवाई के नाम पर राजस्व व जिला खनिज विभाग ने रेत के अवैध परिवहन करने वाले सिर्फ आठ ट्रेक्टरों पर कार्रवाई की है, जबकि अवैध उत्खनन करने वाले माफियों को खुली छूट दे रखा है। नेताओं और अधिकारियों के संरक्षण में जारी रेत के अवैध उत्खनन से अब नारी-खट्टी एनीकट पर खतरा मंडराने लगा है, क्योंकि एनीकट के नीचे से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।

रेत के अवैध उत्खनन के कारण ही मेघा पुल टूट गया था। इससे मगरलोड ब्लाक का पूरा संपर्क जिला मुख्यालय से टूट चुका था। क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। विशेषज्ञों की टीम ने बताया था कि पुल के नीचे से लगातार रेत के अवैध उत्खनन कर निकालने की वजह से पुल धंस गया था, जिससे टूटा था। अब यही लापरवाही नारी-खट्टी एनीकट पुल के नीचे रेत माफिया कर रहा है। लगातार यहां से ट्रेक्टर-ट्राली में रेत का अवैध उत्खनन कर कोकड़ी के डंप में रेत भंडारण कर रहा है, इससे एनीकट पर खतरा मंडराने लगा है। समय रहते यदि इस पर रोक नहीं लगी, तो नारी खट्टी एनीकट धंसने से इंकार नहीं किया जा सकता। इतना सब होने के बाद भी जिला प्रशासन गहरी नींद पर है, जब एनीकट धसेगा, तब आंख खुलेगी। जबकि ग्रामीण लगातार यहां से रेत के अवैध उत्खनन पर रोक लगाने खनिज विभाग से मांग कर रहे हैं, फिर भी रेत माफिया पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिला प्रशासन के आदेशानुसार राजस्व एवं खनिज विभाग द्वारा चार जुलाई को संयुक्त जांच अभियान के दौरान कोलियारी-धमतरी मार्ग पर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए जाने पर आठ ट्रैक्टरों को जब्त कर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के दौरान संबंधित वाहनों के दस्तावेजों एवं खनिज परिवहन से संबंधित वैध अनुमति की जांच की गई। संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार सभी ट्रैक्टरों को जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की गई। जब्त वाहनों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है तथा प्रकरणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा