home page

जशपुर में अवैध उत्खनन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी जब्त, मामला दर्ज

 | 
जशपुर में अवैध उत्खनन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी जब्त, मामला दर्ज


जशपुर में अवैध उत्खनन पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी जब्त, मामला दर्ज


जशपुर, 18 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में वन क्षेत्रों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत वन विभाग ने अवैध उत्खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मौके पर काम बंद कराया और जेसीबी मशीन जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है। विभाग की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

वनमंडलाधिकारी शशि कुमार के निर्देशन में वन अमला लगातार अवैध उत्खनन, कटाई और तस्करी पर नजर बनाए हुए है। इसी दौरान ग्राम सरबकोम्बो के पास अवैध खुदाई की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए कार्य रुकवाया। जांच में पाया गया कि बगीचा वन परिक्षेत्र के मुसघुटरी वनखंड के कक्ष क्रमांक 1373 में बिना किसी वैध अनुमति के जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी, जो वन अधिनियम का स्पष्ट उल्लंघन है।

मौके पर बिना पंजीयन की जेसीबी मशीन मिली, जिसे विभाग ने जब्त कर बगीचा निस्तार डिपो में सुरक्षित रख दिया है। पूछताछ में चालक ओम प्रकाश दुबे ने बताया कि यह खुदाई कार्य एयरटेल पाइपलाइन बिछाने के लिए विजय प्रजापति के निर्देश पर किया जा रहा था। करीब 67 मीटर लंबाई, 1.70 मीटर गहराई और 2 मीटर चौड़ाई में खुदाई की गई थी, लेकिन इसके लिए कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं की जा सकी।

जांच के दौरान मशीन के स्वामी के रूप में अंबिकापुर निवासी विकास जायसवाल का नाम सामने आया है। वन विभाग ने मामले में संलिप्त सभी व्यक्तियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण क्रमांक 18274/24 दिनांक 17 मार्च 2026 दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि पर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वन क्षेत्रों में होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह