home page

अवैध शराब पर चलेगा अभियान, सेवा सेतु के आवेदनों का समय-सीमा में होगा निराकरण

 | 
अवैध शराब पर चलेगा अभियान, सेवा सेतु के आवेदनों का समय-सीमा में होगा निराकरण


अवैध शराब पर चलेगा अभियान, सेवा सेतु के आवेदनों का समय-सीमा में होगा निराकरण


जांजगीर-चांपा, 22 सितंबर (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सेवा संकल्प अभियान के तहत सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सेवा सेतु पोर्टल की समीक्षा करते हुए प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने कहा। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शासन की प्राथमिकता है और इसके माध्यम से नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं सुविधाओं का लाभ आसानी से मिलना चाहिए। आवेदनों के निराकरण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए।

आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में अवैध शराब के निर्माण और भंडारण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान चलाकर अवैध शराब को नष्ट करने तथा शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा।

बैठक में जिले की सड़कों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित निर्माण विभागों के अधिकारियों से मरम्मत योग्य सड़कों, स्वीकृत कार्यों, टेंडर प्रक्रिया और कार्य प्रारंभ होने की संभावित समय-सीमा की जानकारी ली। उन्होंने सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों में रोजगार मेला और लोन मेला आयोजित करने की तैयारी के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पंचायत, रोजगार, उद्योग और बैंक सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्ययोजना तैयार करने कहा, ताकि अधिक से अधिक हितग्राहियों को रोजगार और स्वरोजगार के लिए ऋण संबंधी सुविधाओं का लाभ मिल सके।

बैठक में विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नागरिकों के आवेदनों और शिकायतों का अनावश्यक विलंब किए बिना समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। पंचायत, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन, महिला एवं बाल विकास, पशु चिकित्सा और मत्स्य पालन सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT