शराब का अवैध कारोबार, पांच आरोपित गिरफ्तार
धमतरी, 01 जून (हि.स.)। अलग-अलग थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने शराब के अवैध कारोबार से जुड़े पांच लोगों को पकड़कर उसके खिलाफ कार्रवाई की है। आरोपितों के पास से पुलिस ने शराब व नकदी जब्त की है। भखारा, मगरलोड एवं कुरूद पुलिस ने यह कार्रवाई की है।
भखारा पुलिस से साेमवार काे मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्कूटी में आरोपित शराब का अवैध परिवहन कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने स्कूटी सवार दिनेश साहू एवं वेद प्रकाश सेन को रोककर स्कूटी की जांच की, तो उसके पास से 30 पौवा जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपित दिनेश साहू 32 वर्ष और वेद प्रकाश सेन 23 वर्ष दोनों निवासी ग्राम बगदेही के खिलाफ पुलिस ने जुर्म दर्ज कर कार्रवाई की है। वहीं ग्राम हंचलपुर क्षेत्र में एक महिला अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए घूम रही थी। सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर हेमेश्वरी बंजारे 41 वर्ष ग्राम कोपेडीह निवासी को पकड़ा और उसके पास से 10 लीटर महुआ शराब जब्त कर कार्रवाई की है।
इसी तरह मगरलोड पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम परसाबुड़ा कमारपारा पुलिया के पास अवैध रूप से बलराम कमार लोगों को महुआ शराब की बिक्री कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर आरोपित बलराम कमार को नौ लीटर महुआ शराब के साथ पकड़कर उसके खिलाफ कार्रवाई की है। इसी तरह से कुरूद पुलिस काे मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध शराब परिवहन कर बिक्री के लिए ले जा रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्राम बगदेही निवासी नोहर सिंह साहू 35 वर्ष को 40 पौव्वा शराब के साथ पकड़ा। पुलिस ने आरोपित नोहर सिंह के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। भखारा, मगरलोड और कुरूद पुलिस ने इन सभी मामलों के आरोपितों को आज न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

