आईजीकेवी रायपुर ने जारी किया बी.एससी. कृषि प्रवेश का नया काउंसिलिंग शेड्यूल
7 और 8 सितम्बर को होगा ऑफलाइन वेरिफिकेशन
रायपुर, 06 सितम्बर (हि.स.)। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी), रायपुर द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीएटी एवं कक्षा 12वीं के अंकों के आधार पर बी.एससी. (ऑनर्स) कृषि पाठ्यक्रम में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व में निर्धारित ऑनलाइन पंजीयन एवं दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया 03 सितम्बर को पूर्ण हो चुकी है, जिसके बाद अब रिक्त सीटों को भरने की तैयारी की जा रही है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, कुल 1,951 सीटों में से प्रथम चरण एवं स्पॉट काउंसिलिंग के माध्यम से 1,555 सीटों पर प्रवेश पहले ही पूर्ण हो चुका है। अब शेष बची 396 रिक्त सीटों को भरने के लिए कुल 577 पंजीकृत अभ्यर्थियों के बीच आगामी 07 और 08 सितम्बर 2026 को काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। इसके लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों का ऑफलाइन दस्तावेज सत्यापन कृषि मंडपम, कृषि महाविद्यालय, रायपुर में प्रातः 9:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक किया जाएगा, जहां अभ्यर्थियों को स्वयं उपस्थित होकर अपने सभी मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
दस्तावेज सत्यापन के पश्चात विश्वविद्यालय द्वारा 09 सितम्बर 2026 को दोपहर 3:00 बजे प्रावीण्य (मेरिट) सूची जारी की जाएगी। इसके बाद सीट आवंटन और निर्धारित प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए अभ्यर्थियों को केटेगरी के अनुसार कृषि महाविद्यालय, रायपुर में उपस्थित होना होगा। शेड्यूल के मुताबिक, पंजीकृत पी.ए.टी. उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए 10 सितम्बर, कक्षा 12वीं उत्तीर्ण छत्तीसगढ़ के मूल निवासियों के लिए 11 सितम्बर तथा अन्य राज्यों के कक्षा 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए 12 सितम्बर 2026 की तिथि निर्धारित की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

