सड़क दुर्घटना में पति की मौत, पत्नी घायल
धमतरी, 30 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी रायपुर से स्कूटी में सवार होकर उपचार कराने के लिए धमतरी-गुजरा आ रहे पति-पत्नी को पीछे से तेज रफ्तार बाइक ने जबरदस्त ठोकर मार दी। हादसा में मौके पर ही पति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी को मामूली चोटें आई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
भखारा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर के लालगंगा क्षेत्र निवासी लालचंद नायक 52 वर्ष अपनी पत्नी कुसुम नायक के साथ स्कूटी में सवार होकर गुरुवार की सुबह आयुर्वेदिक डाक्टर के पास इलाज कराने के लिए धमतरी जिले के ग्राम गुजरा आ रहे थे, तभी भखारा-सेमरा मोड़ के पास पीछे से परपोड़ी बेमेतरा निवासी युवक बाइक से स्कूटी सवार को जोरदार ठोकर मार दी। हादसा में लालचंद नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी कुसुम नायक 49 वर्ष घायल हो गईं।
घटना के बाद यहां लोगों व राहगीरों की भीड़ लग गई। खबर भखारा पुलिस तक पहुंची, तो पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। वहीं घायल महिला को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। भखारा थाना प्रभारी ने बताया कि बाइक चालक युवक को पुलिस ने पकड़ लिया है। बाइक चालक युवक ने बताया कि पैर फिसल कर सड़क में लगा जिससे बाइक अनियंत्रित होकर स्कूटी को टक्कर मार दिया। जिससे स्कूटी सवार गिर गए। पुलिस बाइक चालक युवक के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

