रानीधनराज कुंवर अस्पताल के बाथरूम में मिला मानव भ्रूण, मचा हड़कंप
कोरबा, 24 अगस्त (हि. स.)। कोरबा के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित रानीधनराज कुवर अस्पताल में सोमवार को बाथरूम के अंदर मानव भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। अस्पताल कर्मचारियों की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की जांच टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
जानकारी के मुताबिक, अस्पताल के अंदर स्थित बाथरूम में भ्रूण पड़ा हुआ मिला। कर्मचारियों के अनुसार, सोमवार सुबह बाथरूम से दुर्गंध आने पर उन्होंने वहां जाकर देखा तो भ्रूण पड़ा हुआ था। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि जिस बाथरूम में भ्रूण मिला है, वह अस्पताल परिसर के अंदर ऐसे स्थान पर स्थित है, जहां किसी बाहरी व्यक्ति के लिए आसानी से पहुंचना संभव नहीं है। यही वजह है कि घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि भ्रूण अस्पताल के बाथरूम तक कैसे पहुंचा और इसे वहां किसने रखा।
मामले में अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा सकती है। पुलिस अस्पताल में आने-जाने वाले लोगों, कर्मचारियों और संबंधित रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। साथ ही अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांच का अहम हिस्सा हो सकती है, जिससे यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि घटना के समय बाथरूम के आसपास कौन-कौन मौजूद था।
घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं और वहां होने वाली गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, अस्पताल में किसी तरह के अवैध काम या किसी डॉक्टर अथवा कर्मचारी की संलिप्तता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसे लेकर सामने आ रही आशंकाओं की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, कोतवाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भ्रूण किसका है, इसे अस्पताल तक कैसे लाया गया और बाथरूम में छोड़ने के पीछे क्या वजह थी।
फिलहाल मानव भ्रूण मिलने की घटना ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस की जांच और FSL रिपोर्ट के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

