home page

सूरजपुर : समय-सीमा की बैठक में एचपीवी टीकाकरण और 'माय भारत' पंजीयन अभियान पर जोर

 | 
सूरजपुर : समय-सीमा की बैठक में एचपीवी टीकाकरण और 'माय भारत' पंजीयन अभियान पर जोर


सूरजपुर, 13 जुलाई (हि.स.)।सूरजपुर जिले में शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा के लिए आज सोमवार कलेक्टर रेना जमील की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए एचपीवी टीकाकरण सप्ताह और 'माय भारत' पोर्टल पर युवाओं के पंजीयन अभियान को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में 13 से 18 जुलाई तक चल रहे विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एचपीवी संक्रमण महिलाओं में सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर का प्रमुख कारण है और समय पर लगाया गया टीका इस गंभीर बीमारी से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है।

कलेक्टर ने शासकीय एवं निजी विद्यालयों, अनुदान प्राप्त स्कूलों, आश्रम-छात्रावासों, मदरसों तथा स्कूल से बाहर की पात्र बालिकाओं तक टीकाकरण की पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन क्षेत्रों में टीकाकरण की उपलब्धि कम है, वहां विशेष अभियान चलाने और प्रत्येक टीकाकरण सत्र की जानकारी यू-विन पोर्टल पर दर्ज करने को कहा।

बैठक में 'माय भारत (मेरा युवा भारत)' अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 25 हजार युवाओं का पंजीयन समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से ग्राम पंचायतों, स्कूलों, कॉलेजों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक, कौशल विकास संस्थानों, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केंद्र और अन्य युवा संगठनों के सहयोग से विशेष अभियान चलाने को कहा।

बैठक में बताया गया कि 'माय भारत' युवाओं को राष्ट्र निर्माण, स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल प्रशिक्षण और राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मंच है। पात्र युवा माय भारत पोर्टल पर निःशुल्क ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।

कलेक्टर ने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अपील की कि वे 14 से 15 वर्ष की प्रत्येक पात्र बालिका का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं और अधिक से अधिक युवाओं को 'माय भारत' पोर्टल से जोड़ने में सहयोग करें।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय