home page

होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने सक्ती थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित

 | 
होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने सक्ती थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित




सक्ति, 01 मार्च (हि. स.)। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज रविवार को थाना सक्ती परिसर में शांति समिति की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। यह बैठक पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के दिशा-निर्देशों के पालन में आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारी संघों, धार्मिक प्रतिनिधियों और पत्रकारों ने भाग लिया।

बैठक का मुख्य उद्देश्य होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, आपसी भाईचारे को मजबूत करना और किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियों की समीक्षा करना था। इस दौरान उपस्थित नागरिकों और प्रतिनिधियों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए और पर्व के दौरान प्रशासन को सहयोग देने की अपील की गई।

पुलिस और प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि होली के दौरान नशीले पदार्थों का सेवन न करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। साथ ही किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक या भड़काऊ शब्दों का उपयोग न करने, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर जबरन रंग न लगाने तथा निर्धारित समय के बाद डीजे या साउंड सिस्टम का उपयोग न करने की सलाह दी गई। सार्वजनिक मार्गों को बाधित न करने, देर रात अनावश्यक रूप से समूह में न घूमने और सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक सामग्री साझा करने से बचने की भी हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि होली के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और पेट्रोलिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। नागरिकों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने में देने की अपील की गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा, थाना प्रभारी निरीक्षक लखन पटेल, नायब तहसीलदार पद्मलोचन पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष टिकेश्वर गबेल, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष कथुरिया, कांग्रेस और भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, धार्मिक प्रतिनिधि, पत्रकार और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने होली पर्व को आपसी प्रेम, सद्भाव और शांति के साथ मनाने का संकल्प लिया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT