home page

रेड रिबन क्लब एवं एनएसएस ने किया एचआईवी-एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
रेड रिबन क्लब एवं एनएसएस ने किया एचआईवी-एड्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


जगदलपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। धरमू माहरा शासकीय कन्या पॉलीटेक्निक, जगदलपुर में रेड रिबन क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आज मंगलवार काे एचआईवी/एड्स जागरूकता हेतु वार्षिक उन्मुखीकरण सह संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. सविता देवांगन रहीं। कार्यक्रम का आयोजन संस्था के प्राचार्य एसके. त्रिवेदी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत के साथ हुआ। इसके पश्चात एनएसएस एवं रेड रिबन क्लब की कार्यक्रम अधिकारी सुषमा देवांगन ने मुख्य वक्ता डॉ. सविता देवांगन का एडेनियम का पौधा भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम अधिकारी सुषमा देवांगन ने स्वागत उद्बोधन के माध्यम से कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता, सही जानकारी के प्रसार तथा सामाजिक संवेदनशीलता के महत्व को रेखांकित किया।

मुख्य वक्ता डॉ. सविता देवांगन ने छात्राओं को एचआईवी एवं एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। उन्होंने संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों तथा इससे जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि एचआईवी से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति भेदभाव करने के बजाय उनके साथ सम्मान, समानता और संवेदनशीलता का व्यवहार करना चाहिए। समाज में जागरूकता की कमी के कारण अनेक गलत धारणाएं प्रचलित हैं, जिन्हें सही जानकारी और सकारात्मक दृष्टिकोण के माध्यम से दूर किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को जागरूक नागरिक के रूप में अपने परिवार और समाज तक स्वास्थ्य संबंधी सही संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान रक्तदान के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को बताया गया कि रक्तदान एक महान मानवीय कार्य है, जो दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों, गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों तथा विभिन्न चिकित्सकीय परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता वाले लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है। रक्त की आवश्यकता किसी भी समय किसी को भी पड़ सकती है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर सभी को रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा स्वास्थ्य की दृष्टि से पात्र व्यक्तियों को नियमित और स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन एवं एचआईवी-एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने और प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार करने के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम का मंच संचालन व्याख्याता विनीता जैन ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे