home page

सीएम हेल्पलाइन 1076 से हीरालाल कश्यप को मिली बड़ी राहत, बच्चों के आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र समय पर हुए जारी

 | 
सीएम हेल्पलाइन 1076 से हीरालाल कश्यप को मिली बड़ी राहत, बच्चों के आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र समय पर हुए जारी


जांजगीर-चांपा, 15 जुलाई (हि. स.)। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनती जा रही है। जांजगीर-चांपा जिले में भी हेल्पलाइन के जरिए लोगों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है। इसी कड़ी में अकलतरा विकासखंड के ग्राम किरारी निवासी हीरालाल कश्यप को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की मदद से बड़ी राहत मिली। उनके बच्चों के लिए आवश्यक आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र समय पर जारी कर दिए गए।

जानकारी के अनुसार, हीरालाल कश्यप के बच्चों को स्कूल संबंधी कार्यों के साथ-साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं, छात्रवृत्ति, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य जरूरी दस्तावेजी कार्यों के लिए आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। प्रमाण पत्र समय पर नहीं बनने के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

समस्या के समाधान के लिए हीरालाल कश्यप ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई की। इसके बाद उनके बच्चों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र तैयार कर उन्हें उपलब्ध करा दिए गए।

हीरालाल कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से सिर्फ एक फोन कॉल में उनकी समस्या का समाधान हो गया। उन्होंने कहा कि समय पर आवश्यक दस्तावेज मिलने से बच्चों के शैक्षणिक कार्यों और भविष्य में छात्रवृत्ति सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में अब किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों के लिए बेहद उपयोगी और भरोसेमंद व्यवस्था है। इससे लोगों की शिकायतों का त्वरित निराकरण हो रहा है और शासन की जनहितकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समय पर पहुंच रहा है।

जिला प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं का लाभ बिना अनावश्यक विलंब के मिल सके। इससे शासन के प्रति लोगों का विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT