गौमांस बरामदगी मामले में हिंदू जागरण मंच का प्रदर्शन, 24 घंटे में गिरफ्तारी की मांग
धमतरी, 12 जून (हि.स.)। साल्हेवारपारा के गाड़ा बस्ती में गौमांस बरामदगी के मामले को लेकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को नगर निगम पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए महापौर रामू रोहरा को ज्ञापन सौंपा।
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में कहा कि गाड़ा पारा में संतराम द्वारा गौहत्या कर गौमांस का विक्रय किए जाने की जानकारी मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई के दौरान 86 किलो मांस जब्त किया गया। उन्होंने इसे गंभीर और जघन्य अपराध बताते हुए शासन के नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही आरोपित के मकान पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की भी मांग रखी गई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम परिसर में नारेबाजी कर प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की। कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है तथा आरोपित की तलाश की जा रही है। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि ज्ञापन प्राप्त हुआ है और संबंधित अधिकारियों को मामले में नियमानुसार सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि गौमांस की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर कानून के तहत आगे भी आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में डाकेश्वर साहू, चित्रेश साहू, अभिषेक, मोनू साहू, प्रिंस जैन सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

