home page

ब्लैक स्पॉट से अवैध पार्किंग तक हाईवे सर्विलेंस टीम की रहेगी पैनी नजर, बेसहारा मवेशियों पर भी होगी कार्रवाई

 | 
ब्लैक स्पॉट से अवैध पार्किंग तक हाईवे सर्विलेंस टीम की रहेगी पैनी नजर, बेसहारा मवेशियों पर भी होगी कार्रवाई


ब्लैक स्पॉट से अवैध पार्किंग तक हाईवे सर्विलेंस टीम की रहेगी पैनी नजर, बेसहारा मवेशियों पर भी होगी कार्रवाई


ब्लैक स्पॉट से अवैध पार्किंग तक हाईवे सर्विलेंस टीम की रहेगी पैनी नजर, बेसहारा मवेशियों पर भी होगी कार्रवाई


धमतरी, 20 अगस्त (हि.स.)। धमतरी में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए हाईवे सर्विलेंस टीम सक्रिय कर दी गई है। राष्ट्रीय एवं प्रमुख मार्गों पर गठित यह समर्पित दल ब्लैक स्पॉट, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और अवैध पार्किंग पर पैनी नजर रखेगा। टीम द्वारा राजमार्गों की नियमित निगरानी कर यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण, गलत पार्किंग और अन्य कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही सड़क पर घूमने वाले बेसहारा मवेशियों को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी। निगरानी दल का उद्देश्य संवेदनशील स्थानों की पहचान कर समय रहते आवश्यक कदम उठाना और वाहन चालकों के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। प्रशासन की इस पहल से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ने और यातायात नियमों के पालन को प्रभावी बनाने की उम्मीद है।सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और राष्ट्रीय एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिले में समर्पित राजमार्ग निगरानी दल का गठन किया गया है।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर गठित टीम राजमार्गों की नियमित निगरानी के साथ दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर सुधारात्मक कार्रवाई करेगी। यह पहल परिवहन विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के 19 जून 2026 के निर्देश तथा सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के तहत सड़क सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में की गई है। टीम में कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अध्यक्ष तथा पुलिस अधीक्षक/अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सदस्य-सचिव होंगे। इसके अलावा वनमंडलाधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, एनएचएआई परियोजना निदेशक, धमतरी, कुरूद एवं नगरी के एसडीएम, नगर निगम आयुक्त, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला परिवहन अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।

अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी इंदिरा देवहारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने विभिन्न मार्गों और संवेदनशील स्थलों का फील्ड निरीक्षण किया। परिवहन विभाग, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की आवाजाही, ओवरलोडिंग, तेज गति, अतिक्रमण और अन्य जोखिमों का जायजा लिया। बनपेला ध्रुव, आजाद टायर्स संबलपुर, कविता स्टील, भाग्यलक्ष्मी कार पार्क, फौजी ढाबा, राजेन्द्र ढाबा, काका-भतीजा ढाबा, लक्की ढाबा एवं खपरी पार्किंग सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया गया। सड़क किनारे रखे सामान, अस्थायी दुकानों, ढाबों और अन्य गतिविधियों से यातायात में आने वाली बाधाओं की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने और आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की समझाइश दी गई।

टीम अब ब्लैक स्पॉट, अनधिकृत कट, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, सड़क किनारे संचालित गतिविधियों, ओवरलोडिंग और तेज गति पर लगातार निगरानी रखेगी। कलेक्टर मिश्रा ने अधिकारियों को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर समयबद्ध सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा