उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति के लिए 30 अक्टूबर तक आवेदन
बलरामपुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)।छत्तीसगढ़ के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आज बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थी 30 अक्टूबर तक आवेदन जमा कर सकते हैं।
योजना के तहत आईआईटी, एम्स, आईआईएम और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एनएलयू) जैसे संस्थानों में प्रवेश पाने वाले विद्यार्थियों को सहायता दी जाएगी। इसके अलावा नीट और जेईई के माध्यम से प्रवेश प्राप्त करने वाले पात्र विद्यार्थी भी निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक विद्यार्थियों को अपने गृह जिले के सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय में निर्धारित प्रारूप में ऑफलाइन आवेदन जमा करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

